बोकारो : जिले अंतर्गत चंद्रपुरा के तेलो में एक महिला कोरोना पॉजिटिव मरीज पाया गयी है। वह महिला तीन दिन पूर्व अपने पति के साथ बांग्लादेश से लौटी थी। बोकारो उपायुक्त मुकेश कुमार ने इस बात की पुष्टि की है। बतातें चलें कि उक्त दंपति के बोकारो लौटने पर उसका सैंपल रांची के रिम्स भेजा गया था। रिम्स से जांच के बाद रिपोर्ट की बोकारो डीसी ने पुष्टि कर दी है। महिला तबलीगी जमात से जुड़ी हुई है और वह कुछ दिनों पूर्व बांग्लादेश से लौटी है। बांग्लादेश में कुछ दिन पहले तबलीगी जमात में बोकारो जिले के नौ लोग शामिल हुए थे, जिसमें छह लोग चंद्रपुरा और तीन लोग चंदनकियारी से गये थे।
उपायुक्त ने बताया है कि संक्रमित महिला को बोकारो जनरल अस्पताल के क्वारंटाइन वार्ड में शिफ्ट कर इलाज शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला के घर और आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज किया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित महिला के परिवार और पास के घरों के लोगों की जांच में जुट गई है।
तीनों दंपत्ति की स्क्रीनिंग कराई गई। तत्पश्चात उन्हें चास स्थित शैक्षणिक संस्थान जीजीईएस के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया। पिछले दिनों तीनों दंपती का सैंपल जांच के लिए भेजा गया, जिसमें एक महिला में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई।
