पलामू : पड़वा प्रखंड के चंदन चौहान ने राशन न मिलने से संबंधित शिकायत की थी उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़वा प्रखंड विकास पदाधिकारी को शिकायतकर्ता को अविलंब राशन उपलब्ध कराने का दिया निर्देश झारखंड सरकार द्वारा कोरोना के खिलाफ बनाए गए वार रूम 181 पर हर दिन लोग बड़ी संख्या में फोन कर रहे हैं। इस कंट्रोल रूम से लोगों की समस्या का समाधान किया जाता है।राजधानी रांची स्थित सूचना भवन में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में 24 जिलों के लिए अलग-अलग डेस्क के बनाए गए हैं। इसी क्रम में 4 अप्रैल 2020 को पलामू के पड़वा प्रखंड के रहने वाले चंदन चौहान ने 181 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक उनकी पत्नी द्वारा राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया गया था जिले में रिक्त नहीं होने के कारण इनका राशन कार्ड निर्गत नहीं हो पाया था। लेकिन जब वे अपने आवेदन की प्रति के साथ राशन डीलर विनोद कुमार सिंह से राशन लेने गए तो डीलर द्वारा राशन नहीं दिया गया। जिसे लेकर उन्होंने 181 पर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद 181 के जिला प्रतिनिधि शिकायत निवारण समन्वयक संदीप कुमार द्वारा संबंधित शिकायत को उपायुक्त के समक्ष रखा गया। जिसपर उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पड़वा के प्रखंड विकास पदाधिकारी को शिकायतकर्ता चंदन चौहान को अविलंब राशन देने का निर्देश दिया। जिसके तुरंत बाद शिकायतकर्ता को 10 किलोग्राम राशन उपलब्ध करा दिया गया।
संवाददाता - प्रभु कुमार सोनी।
